5
(2)

‘

पूर्णिया : बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सह प्रभारी कटिहार बिजेंद्र यादव ने कहा कि बिहार की जनता गंभीर बाढ़ की त्रासदी से जूझ रही है। पूर्णिया समेत राज्य के कई जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और बड़ी संख्या में लोग इस आपदा का सामना कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर विपक्षी दलों की ओर से भी बाढ़ के बीच आयोजन पर सवाल उठाए गए हैं।

बिजेंद्र यादव ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री के जन्मदिन के स्वागत में दीप जलाने के आयोजन किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बाढ़ प्रभावित परिवार अपने घर, खेत, फसल और रोजमर्रा की जिंदगी बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे समय में प्राथमिकता बाढ़ पीड़ितों की मदद, किसानों की फसल के नुकसान का मुआवजा और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनता जानना चाहती है कि बाढ़ से तबाह किसानों और गरीब परिवारों को स्थायी राहत कब मिलेगी। जिन लोगों के घर और फसल बर्बाद हुई है, उनके नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा कब दिया जाएगा।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि संकट की घड़ी में सरकार को प्रचार से आगे बढ़कर प्रत्येक बाढ़ प्रभावित परिवार तक राहत पहुंचाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने पूर्णिया के भाजपा नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के स्थानीय नेताओं को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति सरकार तक पहुंचानी चाहिए और लोगों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में पहल करनी चाहिए।

बिजेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि जनता सर्वोपरि है और बाढ़ के समय लोगों को राहत एवं पुनर्वास की जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद करने तथा उनकी समस्याओं को उठाने का आह्वान किया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: