


पूर्णिया। जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार ने मंगलवार को प्रखंड के. नगर अंतर्गत परोरा पंचायत का क्षेत्रीय भ्रमण कर पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के क्रम में डीएम ने आरटीपीएस काउंटर, सहयोग शिविर, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, जनगणना 2027 की तैयारियों, पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण, आंगनबाड़ी केंद्र एवं पंचायत स्तर पर संचालित पुस्तकालय का जायजा लिया।
जनगणना कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित सुपरवाइजर एवं प्रगणकों को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन कम से कम 25 मकानों का गुणवत्तापूर्ण सूचीकरण सुनिश्चित करें।

आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों के पोषण, वजन मापन एवं उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। सेविका एवं सहायिका को निर्देश दिया गया कि बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार ताजा भोजन उपलब्ध कराएं तथा पोषण ट्रैकर ऐप पर प्रतिदिन का डेटा अपलोड करें।
पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों को शीघ्र शत-प्रतिशत पूरा करें।

19 मई को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शिविर स्थल पर नागरिकों के लिए बैठने, पेयजल, शौचालय एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, माइकिंग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, निदेशक डीआरडीए, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी के. नगर एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि, मुखिया और सरपंच उपस्थित थे।
















