


पूर्णिया: पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के फलका थाना अंतर्गत गोपालपट्टी गांव (वार्ड संख्या-09) में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक की पहचान कालो यादव के 24 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि बीते दिन पुलिस द्वारा कथित रूप से की गई बर्बरतापूर्ण पिटाई के कारण उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पप्पू यादव पीड़ित परिवार से मिलने गोपालपट्टी गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सांसद ने अपनी ओर से तत्काल 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
सांसद पप्पू यादव ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कानून के रखवालों द्वारा इस तरह की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जा सकती। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे आम लोगों का कानून पर विश्वास बना रहे।
सांसद ने बिहार सरकार से भी मांग की कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए तथा मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी प्रदान कर परिवार को सहारा दिया जाए।
इधर, घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और स्थानीय लोग भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करता है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।













