


@ अखिल भारतीय गंगोत्री महासभा ने काजीकौरिया-राघोपुर मार्जिनल बांध पहुंचकर अर्पित की श्रद्धांजलि, परिवार के एक-एक सदस्य को नौकरी देने की मांग।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। खरीक प्रखंड अंतर्गत काजीकौरिया-राघोपुर मार्जिनल बांध पर फ्लड फाइटिंग कार्य के दौरान गंगा नदी में नाव पलटने की दुखद घटना में जान गंवाने वाले सिकन्दर मंडल और बादल कुमार मंडल के परिजनों से अखिल भारतीय गंगोत्री महासभा के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। महासभा की ओर से दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया।
समाज के सहयोग से महासभा ने दोनों मृतकों के परिवारों को 75-75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके साथ ही परिवारों को आवश्यक राशन सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।

महासभा की ओर से कहा गया कि आर्थिक सहायता मृतकों की कमी को पूरा नहीं कर सकती, लेकिन संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहना सामाजिक जिम्मेदारी है। संगठन ने भरोसा दिलाया कि दोनों परिवारों को आगे भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुआवजा दिलाने में भी सहयोग का भरोसा
महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार की ओर से मिलने वाली मुआवजा राशि और अन्य सरकारी सहायता पीड़ित परिवारों तक पहुंचाने में भी संगठन पूरा सहयोग करेगा। साथ ही सरकार से मांग की गई कि दोनों मृतकों के परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, ताकि परिवारों को भविष्य में आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।
‘दुःख की इस घड़ी में परिवारों के साथ खड़े हैं’
महासभा की ओर से कहा गया कि दोनों परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है। इस अपूरणीय क्षति की भरपाई किसी भी सहायता से संभव नहीं है। संगठन ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवारों के साथ है और आगे भी उनके सुख-दुःख में साथ खड़ा रहेगा।
इस दौरान महासभा के पदाधिकारी एवं समाज के लोग मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

















