0
(0)



सड़क सुदृढ़ीकरण एवं कालीकरण कार्य का किया शिलान्यास

कटिहार : पूर्व उप मुख्यमंत्री सह विधायक तारकिशोर प्रसाद  ने गुरुवार को कटिहार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन योजना के तहत भवाड़ा पंचायत में सड़क सुदृढ़ीकरण एवं कालीकरण कार्य का शिलापट अनावरण एवं नारियल फोड़कर शुभारंभ किया।


यह सड़क दलन-पदमपुर पीएमजीएसवाई पथ में हनुमान मंदिर से नया टोला, हवेली टोला होते हुए रामपुर रेल गुमटी तक बनाई जाएगी। विभागीय जानकारी के अनुसार सड़क की कुल लंबाई लगभग दो किलोमीटर है तथा इस योजना पर करीब एक करोड़ 36 लाख रुपये की लागत आएगी।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व उप मुख्यमंत्री का स्थानीय लोगों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस अवसर पर तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने का जो वादा किया था, उसे पूरा किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कटिहार प्रखंड के चारों ओर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा निर्मित सड़कों से आवागमन काफी सुगम हुआ है तथा पूरे क्षेत्र में पक्की सड़कों का जाल बिछाया गया है। उन्होंने कटिहार विधानसभा क्षेत्र और जिले के चौमुखी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि आने वाले दिनों में कटिहार विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।


पूर्व उप मुख्यमंत्री ने लोगों से सरकार द्वारा चलाए जा रहे सहयोग कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में लोग अपनी समस्याएं और कठिनाइयां प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं।

उन्होंने राज्य सरकार के उस निर्णय की भी जानकारी दी, जिसके तहत आने वाले समय में राज्य के प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलने की योजना है। साथ ही उन्होंने हर खेत तक कृषि विद्युत आपूर्ति पहुंचाने का आश्वासन भी दिया।

तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि उनके प्रयास से कटिहार विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ दिया गया है। अब लोगों की मांग नई सड़क निर्माण से अधिक पुरानी एवं जर्जर सड़कों के सुदृढ़ीकरण और कालीकरण को लेकर सामने आ रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विधानसभा क्षेत्र के सभी क्षतिग्रस्त मार्गों का शीघ्र कायाकल्प कराया जाएगा।

कार्यक्रम में भाजपा नेता धर्मनाथ तिवारी, वीरेंद्र यादव, अमित गुप्ता उर्फ बबलू, सकलदीप साह, सिकंदर साह, गोपाल गुप्ता, गोपाल मंडल, नारायण महतो, गोविंद उरांव, विजय चौधरी, अर्जुन दास, जितेंद्र दास, भगवान मंडल, तेज नारायण मंडल, लता देवी, मीना देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

भवाड़ा पंचायत के स्थानीय नेताओं एवं ग्रामीणों ने पूर्व उप मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कटिहार विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों को ऐतिहासिक बताया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: