


पूर्णिया। जीएमसीएच पूर्णिया के बच्चा वार्ड में उस समय अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया, जब एक शराब के नशे में धुत पिता ने अपने बच्चे के इलाज को लेकर जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि वार्ड का वातावरण पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी पिता नशे की हालत में अस्पताल पहुंचा था और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए डॉक्टरों एवं नर्सों के साथ गाली-गलौज करने लगा। स्थिति यहां तक पहुंच गई कि वह मारपीट पर भी उतारू हो गया, जिससे वहां मौजूद मरीजों और परिजनों में दहशत फैल गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फणीश्वर नाथ रेणु टीओपी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। टीओपी प्रभारी राजनंदनी ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान युवक ने स्वयं स्वीकार किया कि उसने शराब का सेवन किया था। आरोपी की पहचान कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के डुम्मर गांव निवासी मिथुन कुमार के रूप में हुई है, जो अपने बीमार बच्चे का इलाज कराने जीएमसीएच आया था।

वहीं जीएनएम मधु ने बताया कि युवक पूरी तरह नशे में था और बिना किसी ठोस कारण के अस्पताल कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार कर रहा था। हंगामे के दौरान सुरक्षा कर्मियों और अन्य लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
















