


पूर्णिया। जिले में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों और समय पर टैक्स जमा नहीं करने वाले कमर्शियल वाहन मालिकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एडीएम राज कुमार गुप्ता और डीटीओ शंकर सुमन ओमी ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहनों को चिन्हित कर जब्त किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में 15 दिवसीय विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जो 30 अप्रैल तक जारी रहेगा। इस अभियान के तहत सड़कों पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने वाले तथा आवश्यक दस्तावेजों के बिना वाहन चलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जा रहा है।
अभियान की सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज 12 दिनों के भीतर 30 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला जा चुका है। इस दौरान 1282 बाइक सवारों को बिना हेलमेट के पकड़ा गया, जिन पर जुर्माना लगाया गया। वहीं करीब 100 से अधिक वाहनों को आवश्यक कागजात नहीं होने के कारण जब्त किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे भी यह अभियान और तेज किया जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान अधिकारियों ने कमर्शियल वाहन मालिकों को विशेष चेतावनी देते हुए कहा कि बस, ट्रक, जीप, कार और पिकअप जैसे वाहनों का टैक्स समय पर जमा करना अनिवार्य है। कई वाहन मालिकों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है, जिन्हें नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा में टैक्स जमा करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय के बाद भी टैक्स जमा नहीं करने पर वाहनों की जब्ती के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम अंशुल कुमार के निर्देश पर नियमों के पालन को लेकर सख्ती और बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने दो टूक कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर किसी को भी छूट नहीं मिलेगी, चाहे वह आम नागरिक हो या सरकारी कर्मचारी। प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
तेज रफ्तार एवं लहरिया कट बाइक चलाने की बढ़ती शिकायतों को भी प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। ऐसे मामलों में दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जिला मुख्यालय में इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर स्थापित किया जा रहा है, जहां सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे शहर की निगरानी की जाएगी।

इसके अलावा शहर में टोटो (ई-रिक्शा) के कारण लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं को देखते हुए उनके संचालन को भी व्यवस्थित किया जाएगा। प्रशासन द्वारा रूट चार्ट तैयार किया जाएगा और सभी टोटो चालकों को निर्धारित मार्गों पर ही संचालन करना होगा।
फर्जी नंबर प्लेट की बढ़ती शिकायतों को लेकर भी प्रशासन सतर्क हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि अब हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) को अनिवार्य किया जाएगा, ताकि फर्जी वाहनों पर नियंत्रण पाया जा सके और अपराध पर अंकुश लगाया जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ट्रैफिक नियमों का पालन करना और वाहन से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करना अब अनिवार्य है, अन्यथा सख्त कार्रवाई तय है।
















