


पूर्णिया। जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गापुर गांव में एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने पति एवं ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के तहत हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान रघुनाथपुर पंचायत के वार्ड संख्या 6 निवासी दिलखुश पासवान की पत्नी ज्योति कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करीब दो महीने पहले ही होली से पूर्व ज्योति की शादी बड़े धूमधाम से हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की मां वीणा देवी ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर ज्योति के साथ मारपीट की जाती थी और उसे घर से निकाल देने की धमकी दी जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।

परिजनों के अनुसार रविवार देर शाम उन्हें ससुराल पक्ष से फोन कर बुलाया गया और बताया गया कि ज्योति की तबीयत खराब है। जब वे मौके पर पहुंचे तो छत के कमरे में ज्योति का शव पड़ा मिला, जिससे प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
वहीं मृतका के पति एवं ससुराल पक्ष का कहना है कि ज्योति ने छत पर जाकर दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

इस संबंध में थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस एवं एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
















