
छठ घाट निर्माण और सफाई कार्य रोके जाने की सूचना पर आशीष गोस्वामी ने की पहल, विधायक ने मौके पर पहुंचकर शुरू कराया काम
पूर्णिया। गुलाबबाग के गुंडा चौक स्थित पोखर में छठ घाट निर्माण एवं साफ-सफाई का कार्य प्रशासन की ओर से रोके जाने की सूचना मिलने के बाद मामला सामने आया। इसके बाद विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के सदस्यों ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी को इसकी जानकारी दी। आशीष गोस्वामी की पहल पर पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका गुरुवार सुबह स्वयं पोखर पर पहुंचे और स्थानीय लोगों तथा संगठन के सदस्यों के साथ घाट की तैयारियों में जुट गए।

जानकारी के अनुसार, उक्त पोखर को लेकर पूर्व में कुछ विवाद होने की सूचना प्रशासन को मिली थी। इसी आधार पर प्रशासन की ओर से छठ घाट निर्माण एवं साफ-सफाई के कार्य पर रोक लगा दी गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने प्रशासन से बातचीत कर छठ महापर्व की धार्मिक महत्ता और स्थानीय श्रद्धालुओं की परेशानी से अवगत कराया। इसके बाद उन्होंने पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका को भी मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही विधायक विजय खेमका गुरुवार सुबह घाट पर पहुंचे। उन्होंने संगठन के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों के साथ तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद स्वयं कुदाल उठाकर श्रमदान किया। उनके साथ संगठन के सदस्यों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी साफ-सफाई एवं घाट निर्माण के कार्य में सहयोग किया। बाद में जेसीबी लगाकर कार्य में तेजी लाई गई। विधायक की पहल से स्थानीय श्रद्धालुओं में खुशी देखी गई।
वर्षों से पोखर पर होती रही है छठ पूजा
स्थानीय लोगों के अनुसार, उक्त पोखर बिहार सरकार की जमीन पर स्थित है और यहां वर्षों से छठ पूजा होती रही है। पास की नहर में पानी उपलब्ध नहीं होने और गंदगी के कारण श्रद्धालुओं के लिए वहां पूजा करना संभव नहीं है। इसी वजह से स्थानीय लोग गुंडा चौक पोखर में छठ घाट तैयार कर रहे थे।
छठ व्रतियों को नहीं होनी चाहिए परेशानी : आशीष गोस्वामी

इस संबंध में विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की संस्कृति, परंपरा और करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक है। बिहार के लाखों लोग सालभर देश-विदेश में मेहनत-मजदूरी करते हैं, लेकिन छठ महापर्व के अवसर पर अपनी मिट्टी और परिवार के बीच लौटकर इस महान पर्व को मनाते हैं। ऐसे पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को पूजा करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म, धार्मिक परंपराओं और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान किया जाना चाहिए। छठ महापर्व हमारी संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुविधा और उनकी भावनाओं का ध्यान रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
समाज की सेवा और आस्था के सम्मान के लिए तत्पर : विधायक
विधायक विजय खेमका ने कहा कि बिहार सरकार की ओर से पूरे प्रदेश में छठ घाटों पर रोशनी, गोताखोरों और अन्य आवश्यक सुविधाओं के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सनातनी समाज के प्रेम और आशीर्वाद से उन्हें तीसरी बार क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिला है। ऐसे में उनका दायित्व है कि वे समाज के हर सुख-दुख में मजबूती से साथ खड़े रहें। वे समाज की सेवा और लोगों की आस्था के सम्मान के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
आशीष गोस्वामी ने जिलेभर में छठ घाटों की व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा को लेकर पूर्णिया जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार जताते हुए बिहार सरकार और केंद्र सरकार को भी छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने विधायक विजय खेमका की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता की आस्था, भावनाओं और समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें। उन्होंने कहा कि उनका संगठन धर्म रक्षा, समाज सेवा और राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ सदैव समाज के बीच खड़ा है।
ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक विजय खेमका, विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी, संगठन के जिला कार्यकारिणी सदस्य सुशील कुमार, उमेश कुमार, नीरज कुमार, पवन भगत, विनय कुमार जायसवाल, अमन जायसवाल, रितेश जायसवाल, मणि सिंह, राजेश जायसवाल, संत कुमार जायसवाल, सुभाष जायसवाल, अमिताभ महतो, पिंटू शर्मा, मंगल महाल्दार एवं प्रदीप जायसवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।















