


पूर्णिया।विजय खेमका ने शुक्रवार को पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के ईस्ट ब्लॉक अंतर्गत हरदा एवं गौरा पंचायत में जी राम जी योजना के तहत दो आधुनिक ग्रामीण हाट निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि योजना को आधुनिक स्वरूप दिया गया है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का अधिक से अधिक विकास सुनिश्चित हो सके।

विधायक विजय खेमका ने कहा कि हरदा एवं गौरा पंचायत में बनने वाले आधुनिक ग्रामीण हाट में बिजली, पानी, शौचालय, स्टोर रूम एवं भंडारण की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। इससे जीविका दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों को बेहतर बाजार मिलेगा तथा स्थानीय जॉब कार्ड धारियों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार गांवों को आत्मनिर्भर एवं विकसित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ग्रामीण क्षेत्रों में विवाह मंडप, खेल मैदान एवं अन्य आधुनिक सुविधाओं का निर्माण कराया जा रहा है ताकि गांवों को भी शहर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

विधायक ने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकास की गति तेज हुई है। सरकार अपराध एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है तथा अपराधियों एवं भ्रष्ट अधिकारियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब अंचल, प्रखंड एवं थाना स्तर पर भी जनता के कार्यों में तेजी लाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं नीतीश कुमार के विकास मॉडल पर बिहार को आगे बढ़ाने का संकल्प साकार हो रहा है। साथ ही विधायक ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत से जनता उत्साहित है और विपक्षी दलों की राजनीति को लोग समझ चुके हैं।

विधायक विजय खेमका ने कहा कि विकसित एवं आत्मनिर्भर पूर्णिया बनाना उनका संकल्प है।
शिलान्यास कार्यक्रम में मुखिया अंजली कुमारी, ललिता देवी, मनीष भारती, दिलीप चौहान, वार्ड सदस्य तरुण कुमार साह, मंजीत कुमार, सिकंदर यादव, सुरेश प्रसाद मेहता, कुंदन सिंह, दशरथ चौहान, अजय सिंह, कन्हिया झा, रविन्द्र मालाकार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
















