


पूर्णिया।विजय खेमका ने शुक्रवार को पूर्णिया स्थित वीर कुंवर सिंह स्मारक परिसर में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना द्वारा आयोजित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर विधायक ने महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम में करणी सेना के अध्यक्ष अमित सिंह एवं सचिव कुंदन सिंह ने विधायक का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक विजय खेमका ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और समर्पण की अद्भुत मिसाल है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने कभी मुगल सत्ता के सामने घुटने नहीं टेके और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन संघर्ष एवं स्वतंत्रता को समर्पित कर दिया।
विधायक ने कहा कि महाराणा प्रताप के साथ भामाशाह जैसे राष्ट्रनिष्ठ सहयोगियों का त्याग और बलिदान भी इतिहास में अमर है। जंगलों में रहकर एवं घास की रोटी खाकर भी उन्होंने राष्ट्र सम्मान और स्वाधीनता के लिए संघर्ष जारी रखा। उन्होंने लोगों से महाराणा प्रताप के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित एवं राष्ट्रसेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विधायक विजय खेमका ने घोषणा की कि पूर्णिया में महाराणा प्रताप स्मारक का सौंदर्यीकरण विधायक निधि से शीघ्र कराया जाएगा।
कार्यक्रम में समाजसेवी दिनकर सिंह, अवधेश सिंह, माधव सिंह, चंदन सिंह, डॉ. मनोज सिंह, जयवर्धन सिंह, कलानंद सिंह, रंजन कुणाल, दीपक कुमार सिंह, अजय कुमार सिंह, गोपाल कुमार सिन्हा, विनोद सिन्हा एवं मनोज श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह के अंत में विधायक ने सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
















