5
(1)


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भागलपुर के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (JLNMCH) से पुलिस अभिरक्षा में भर्ती एक आरोपी के फरार होने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोदीपुर थाना क्षेत्र के अगरपुर में मारपीट के मामले में गिरफ्तार नीतीश यादव इलाज के दौरान हथकड़ी और रस्से समेत अस्पताल से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी देर रात उस समय बेड से निकल भागा, जब वार्ड में अधिकांश मरीज सो चुके थे और ड्यूटी पर तैनात नर्स व सुरक्षा गार्ड ऊंघ रहे थे। आरोपी हथकड़ी में बंधा रस्सा समेटते हुए अस्पताल परिसर से बाहर निकल गया और किसी को भनक तक नहीं लगी।
सुबह जब पुलिसकर्मियों ने आरोपी को बेड पर नहीं पाया तो अस्पताल परिसर में तलाश शुरू की गई। इसके बाद बरारी थाना को सूचना दी गई और लोदीपुर थाना पुलिस ने मुसहरी टोला, मायागंज, खंजरपुर समेत कई इलाकों में छापेमारी की, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला।
फिलहाल पुलिस आरोपी के अगरपुर स्थित घर और रिश्तेदारों के यहां लगातार छापेमारी कर रही है। फरारी के मामले में बरारी थाना में अलग से केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, आरोपी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
अस्पताल की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जवाहर लाल नेहरू अस्पताल के कैदी वार्ड से कई आरोपित और कुख्यात अपराधी पुलिस को चकमा देकर फरार हो चुके हैं। अगस्त 2023 में कार्तिक चौधरी और अगस्त 2019 में हत्या व रंगदारी के कई मामलों के आरोपी कुख्यात विकास झा भी इसी अस्पताल से फरार हो चुका था।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: