


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भागलपुर जिला प्रशासन ने पहली बार जुलाई 2026 के लिए नीलाम पत्र पदाधिकारियों की मासिक रैंकिंग जारी कर राजस्व वसूली और लंबित मामलों के निष्पादन की तस्वीर सार्वजनिक की है। रैंकिंग में कहलगांव अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कृष्ण चंद्र गुप्ता ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
जिला प्रशासन के अनुसार, कहलगांव एसडीओ ने जुलाई माह में 27 नीलाम पत्र वादों का निष्पादन कर 36.52 लाख रुपये की वसूली की। वहीं, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक राकेश कुमार 11 मामलों के निष्पादन और 18.80 लाख रुपये की वसूली के साथ दूसरे स्थान पर रहे। तीसरे स्थान पर जिला सामान्य शाखा के प्रभारी पदाधिकारी रहे, जिन्होंने 18.15 लाख रुपये की वसूली की।
रैंकिंग में वरीय उपसमाहर्ता-सह-नीलाम पत्र पदाधिकारी सुधीर कुमार चौथे, सहायक निदेशक (अल्पसंख्यक कल्याण) रतन पांचवें, नवगछिया एसडीओ छठे, सदर एसडीओ सातवें, भू-सुधार उपसमाहर्ता नवगछिया आठवें, सहायक निदेशक जिला सामाजिक कोषांग नौवें तथा वरीय उपसमाहर्ता सुभाषिणी प्रसाद दसवें स्थान पर रहे।
जुलाई में 117 मामलों का निपटारा, 1.94 करोड़ रुपये की वसूली
आंकड़ों के मुताबिक, 31 जुलाई 2026 तक जिले में 17,907 नीलाम पत्र वाद दर्ज थे, जिनसे जुड़ी कुल राशि 630.07 करोड़ रुपये (63,007.77 लाख रुपये) है। जुलाई के दौरान 117 मामलों का निष्पादन कर 1.94 करोड़ रुपये (194.47 लाख रुपये) की राजस्व वसूली की गई।
हालांकि, महीने के अंत तक भी 17,790 मामले लंबित हैं, जिनमें 628.13 करोड़ रुपये (62,813.30 लाख रुपये) की राशि अब भी वसूली जानी बाकी है।
जिला प्रशासन ने सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, राजस्व वसूली में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि मासिक रैंकिंग और नियमित समीक्षा के जरिए अधिकारियों के प्रदर्शन की लगातार निगरानी की जाएगी।
















