


भागलपुर।भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेरिया गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मृतका की पहचान रोशन कुमार दास की पत्नी मुन्नी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुन्नी कुमारी की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने स्थिति गंभीर होते देख उन्हें तत्काल इलाज के लिए मायागंज अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतका के पति रोशन कुमार दास ने बताया कि पत्नी ने जहर क्यों खाया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने कहा कि परिवार में किसी प्रकार का विवाद नहीं था। वर्ष 2019 में दोनों की शादी हुई थी तथा उनके तीन छोटे बच्चे हैं।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।













