


नवगछिया।
जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) के लाइसेंस निर्गत करने में अनियमितता का आरोप लगाते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जांच की मांग की है। इस संबंध में निवास कुमार रजक, इस्ताक एवं विश्वजीत रजक ने जिलाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी, नवगछिया को आवेदन सौंपा है।
आवेदन के अनुसार, बनिया निवासी अनिल कुमार रजक के नाम पीडीएस का लाइसेंस जारी किया गया है, जबकि उनके पास पहले से ही खाद-बीज का लाइसेंस है। साथ ही वे बैंक ऑफ इंडिया से जुड़ा ग्राहक सेवा केंद्र भी संचालित करते हैं और आटा चक्की मिल का संचालन भी कर रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि एक ही व्यक्ति को कई प्रकार के व्यवसायों का लाभ दिया जा रहा है, जो नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि लाइसेंस वितरण की प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई और जांच के बावजूद संबंधित व्यक्ति को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया।
आवेदनकर्ताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि जनवितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे और योग्य व्यक्तियों को ही इसका लाभ मिल सके।













