


@ 30 से अधिक खेल विधाओं में छात्र-छात्राएं दिखाएंगे प्रतिभा, 2500 से अधिक खिलाड़ियों का पंजीकरण।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (BSSA), पटना एवं जिला प्रशासन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय विद्यालय खेल-कूद प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ रविवार को खेल भवन-सह-व्यायामशाला, भागलपुर में जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय ने किया। उद्घाटन कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी शमीम अंसारी सहित विभिन्न खेल विधाओं से जुड़े खिलाड़ी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक हिस्सा ले रहे हैं। अब तक 2500 से अधिक खिलाड़ियों का पंजीकरण हो चुका है और पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। प्रतियोगिता में 30 से अधिक खेल विधाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विभिन्न खेल विधाओं में विजेता खिलाड़ी आगे प्रमंडल स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम की तुलना में कुछ पहले आयोजित किया जा रहा है। विक्रमशिला सेतु के 30 सितंबर से बंद रहने के निर्देश को देखते हुए प्रतियोगिता की तिथियां 27 से 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई हैं। इसका उद्देश्य नवगछिया सहित जिले के सुदूर क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं को प्रतियोगिता में भाग लेने में होने वाली संभावित कठिनाइयों को कम करना है। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बच्चे प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ जैसी पहल की गई है। जिला प्रशासन भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। भागलपुर में उपलब्ध खेल आधारभूत संरचनाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक बच्चों को खेल गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
जिले के प्रखंडों एवं गांवों में खेल मैदानों के विकास के संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि मनरेगा एवं बी.बी.जी. राम योजना के अंतर्गत खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि विद्यालयों के बच्चों को इन खेल मैदानों और उपलब्ध खेल संसाधनों से जोड़ते हुए नियमित रूप से खेल गतिविधियां आयोजित कराई जाएं। इससे ग्रामीण एवं सुदूर क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को भी अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। जिला स्तरीय विद्यालय खेल-कूद प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 27 से 30 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।

















