


भागलपुर।अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित ज्योतिकलश रथयात्रा का द्वितीय दिवस शुक्रवार को शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे प्रतिनिधि सुजीत कुमार के नेतृत्व में निकली इस रथयात्रा का विभिन्न गांवों और बाजारों में श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

रथयात्रा गायत्री मंदिर नारायणपुर से प्रारंभ होकर मधुरापुर बाजार, बलहा शिव मंदिर, बिरबन्ना, चकरामी, भवानीपुर और नगरपारा होते हुए आगे बढ़ी। इस दौरान जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर और जयकारों के साथ रथयात्रा का स्वागत किया।
यात्रा के दौरान लोगों को धर्म और संस्कृति के मूल तत्वों की जानकारी दी गई, जिससे श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। जब रथयात्रा प्राचीन भ्रमरपुर दुर्गा मंदिर परिसर पहुंची तो वहां पहले से मौजूद श्रद्धालुओं ने “गायत्री माता की जय” के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इसके बाद रथयात्रा जयरामपुर होते हुए महंथ स्थान चौक पहुंची, जहां द्वितीय दिवस का भ्रमण शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में बिहपुर प्रखंड में आगे के भ्रमण के लिए रथ को गायत्री परिवार के प्रखंड प्रतिनिधि अखिलेश प्रज्ञा को सौंप दिया गया।
आयोजकों ने बताया कि यह ज्योतिकलश रथयात्रा पूरे भारत में भ्रमण कर रही है और इसका उद्देश्य गायत्री परिवार के संस्थापक वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के आध्यात्मिक जन्म शताब्दी वर्ष, माता भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष तथा अखंड ज्योति प्राकट्य वर्ष के उपलक्ष्य में जन-जागरूकता फैलाना है। भागलपुर जिले के विभिन्न प्रखंडों में यह रथयात्रा लगभग एक माह तक चलती रहेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर धर्म और संस्कृति से जुड़ रहे हैं।













