


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। आगामी त्योहारी मौसम और यात्रियों की संभावित बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने टिकट जांच अभियान तेज कर दिया है। यात्रियों को सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराने तथा रेलवे राजस्व की सुरक्षा के उद्देश्य से विभिन्न रेलखंडों और ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को कहलगांव–भागलपुर–मंदार हिल रेलखंड और इस मार्ग पर संचालित ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व मालदा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह ने किया। अभियान में वाणिज्य निरीक्षकों, टिकट जांच कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
रेलवे के अनुसार, अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के कुल 220 मामले पकड़े गए। इन मामलों से रेलवे ने 1 लाख 77 हजार 375 रुपये जुर्माना राशि के रूप में वसूल की।
मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को उचित और वैध टिकट के साथ यात्रा करने के लिए जागरूक करना है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, त्योहारी मौसम में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए इस तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
मालदा मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा उचित एवं वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। साथ ही सुरक्षित, अनुशासित और यात्री-अनुकूल रेल परिवेश बनाए रखने में रेलवे का सहयोग करें।

















