5
(2)

पूर्णिया। राष्ट्रीय जनता दल की ओर से शुक्रवार को पूर्णिया के आरएन साह चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया गया। राजद ने यह कार्यक्रम चुनावी प्रक्रिया, विशेष गहन पुनरीक्षण और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े सवालों के विरोध में आयोजित किया। बिहार के विभिन्न जिला मुख्यालयों पर 25 सितंबर को विरोध कार्यक्रम आयोजित करने की राजद की घोषणा पहले ही की गई थी।

कार्यक्रम का नेतृत्व राजद पूर्णिया जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधायक दिलीप कुमार यादव ने किया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त से इस्तीफे की मांग की।

राजद नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता को लेकर स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। नेताओं ने चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और संवैधानिक गरिमा बनाए रखने की मांग करते हुए कहा कि चुनाव से संबंधित किसी भी शिकायत या आरोप की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान राजद नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में चुनावी प्रक्रिया से संबंधित कथित अनियमितताओं की जांच कराने और दोष पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पार्टी नेताओं ने बिहार, पश्चिम बंगाल सहित जिन राज्यों में उनके कार्यकाल के दौरान चुनाव हुए हैं, वहां की चुनावी प्रक्रिया की भी समीक्षा कराने की मांग उठाई।

जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार यादव ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव आयोग की निष्पक्षता जनता के विश्वास का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि राजद चुनाव आयोग की स्वतंत्रता, पारदर्शिता और संवैधानिक गरिमा से जुड़े मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।

कार्यक्रम में राजद महानगर अध्यक्ष सबी अहमद, प्रदेश सचिव राजेश कुमार मंडल, बनमनखी के पूर्व प्रत्याशी, युवा राजद के प्रदेश महासचिव सोना पासवान, युवा राजद के प्रदेश महासचिव डॉ. मनोज कुमार यादव, जिला प्रवक्ता डॉ. आलोक राज, विक्रम पासवान, शंकर ब्रह्मचारी, सनी यादव, शांतनु घोष, अंजनी शाह, पूर्णिया विश्वविद्यालय अध्यक्ष पीयूष पुजारा, रामप्रवेश पोद्दार, बबलू गुप्ता, राजेश रमन और चाहत यादव सहित बड़ी संख्या में राजद नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: