5
(1)



कटिहार  : कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर रविवार की रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। फुलडोवी मोड़ के समीप कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में एक ही परिवार सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देवघर से अररिया जा रही एक कार में पति-पत्नी और दो बच्चे सवार थे। कोढ़ा थाना से लगभग 100 मीटर दूर प्रखंड मुख्यालय के पास अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया।


हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में बाइक चालक समेत कुल पांच लोग घायल हुए, जिनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना अध्यक्ष पंकज आनंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोढ़ा पहुंचाया।


चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल घायलों की पहचान नहीं हो सकी है।

हादसे के कारण कुछ समय के लिए एनएच-31 पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस द्वारा सामान्य करा दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: