5
(1)

पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने किया समारोह का उद्घाटन, सामाजिक एकता, संस्कार और सहयोग पर दिया जोर

कटिहार। कटिहार नगर के दुर्गास्थान चौक स्थित जुगत भवन में कलवार समाज, कटिहार की ओर से भगवान श्री बलभद्र पूजन आयोजन समिति के तत्वावधान में भव्य पूजन सह कलवार समाज मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंकजेश उर्फ मुकेश चौधरी ने की। समारोह का उद्घाटन पूर्व उपमुख्यमंत्री सह विधायक तारकिशोर प्रसाद ने किया। कार्यक्रम में बलरामपुर विधायक संगीता देवी एवं बरारी के पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और महाआरती के साथ हुआ। इसके बाद भगवान श्री बलभद्र की पूजा-अर्चना की गई। समारोह में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। महिलाओं की भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी रही।

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने भगवान बलभद्र के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान बलभद्र केवल शक्ति और पराक्रम के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि कृषि, श्रम, समृद्धि, अनुशासन और लोकजीवन की गौरवशाली परंपरा के भी प्रतीक हैं। उनके हाथों में सुशोभित हल धरती, श्रम और कर्म के प्रति सम्मान का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण के ज्येष्ठ भ्राता बलभद्र का जीवन सामर्थ्य के साथ सरलता, शक्ति के साथ संयम और पराक्रम के साथ लोककल्याण की प्रेरणा देता है। भगवान बलभद्र की आराधना धार्मिक अनुष्ठान के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों, पूर्वजों की परंपरा और सामाजिक एकता के प्रति सम्मान का भी अवसर है।

बलरामपुर विधायक संगीता देवी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता, सद्भाव, संस्कार, सहयोग और पारस्परिक प्रेम को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का अनुभव, मातृशक्ति का आशीर्वाद और युवाओं का उत्साह मिलकर समाज को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान कर सकता है।

बरारी के पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी ने भगवान बलभद्र से समाज के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, आरोग्य, समृद्धि और सौहार्द की कामना की। उन्होंने समाज के लोगों से संगठन, संस्कार और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

पूजन समारोह के दौरान समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में समाज के लोगों के बीच आपसी मिलन और संवाद भी हुआ।

कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रवीण भगत, डब्लू साह, विद्यानंद भगत, अशोक गुप्ता उर्फ पप्पू भगत, अरुण चौधरी, सुशील भगत, छोटू भगत, धनंजय चौधरी, पिंटू चौधरी और प्रणव भगत सहित समाज के अन्य लोगों का सहयोग रहा। समारोह में समाज के युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: