


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। जिला परियोजना प्रबंधक, महिला विकास निगम, मणि शंकर एवं जेंडर स्पेशलिस्ट विवेक कुमार ने कामकाजी महिला छात्रावास का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं एवं संचालन का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास के प्रारंभिक संचालन, उपलब्ध सुविधाओं, दैनिक कार्यों तथा निवासरत महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली गई।

निरीक्षण के क्रम में छात्रावास के संचालन के प्रारंभिक चरण में सामने आ रही विभिन्न समस्याओं एवं कठिनाइयों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। जिला परियोजना प्रबंधक ने समस्याओं के शीघ्र निराकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास में निवासरत महिलाओं को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने तथा सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला परियोजना प्रबंधक ने छात्रावास के सभी कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ करने का निर्देश दिया। उन्होंने छात्रावास में संधारित की जाने वाली सभी पंजियों एवं अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा उनका समुचित संधारण सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षिका सुश्री स्वाति कुमारी, सहायक अधीक्षिका सुश्री पूजा कुमारी सहित छात्रावास के अन्य कर्मी उपस्थित रहे। जिला परियोजना प्रबंधक ने छात्रावास की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा संचालन को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

















