


भागलपुर में लोन दिलाने के नाम पर ठगी के मामलों के बीच एक नया मामला सामने आया है। जोगसर थाना क्षेत्र में एक युवक पर महिला से लाखों रुपये ठगने का आरोप लगा, जिसके बाद सड़क पर जमकर हंगामा हुआ।

जानकारी के अनुसार प्रियंका देवी नामक महिला ने मुकेश नाम के युवक पर लोन दिलाने के नाम पर तीन लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि मुकेश ने लोन दिलवाने का भरोसा देकर पैसे लिए, लेकिन न तो लोन दिलवाया और न ही रुपये वापस किए।

रुपये वापस नहीं मिलने से नाराज प्रियंका देवी ने अपने बेटों के साथ मुकेश को मोक्षदा स्कूल के पास बुलाया। आरोप है कि वहां महिला ने चप्पल और हेलमेट से उसकी पिटाई शुरू कर दी, जबकि उसके बेटों ने लात-घूंसों से मारपीट की। सड़क पर करीब आधे घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक सहित महिला एवं उसके बेटों को हिरासत में लेकर थाना ले गई।

पुलिस ने मुकेश के बयान पर महिला और उसके बेटों समेत चार लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं प्रियंका देवी ने भी मुकेश के खिलाफ लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
















