


भागलपुर : गंगा नदी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों से भरी एक नाव बीच धारा में अचानक खराब हो गई। घटना महादेवपुर गंगा घाट से बरारी घाट आने के दौरान हुई। नाव का इंजन बीच नदी में बंद पड़ गया, जिससे नाव धारा में फंस गई और उसमें सवार यात्रियों के बीच दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाव पर बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। नाव रुकते ही यात्री घबरा गए और मदद के लिए शोर मचाने लगे। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
एसडीआरएफ के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा खराब नाव को किनारे तक पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

बताया जा रहा है कि विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद गंगा पार करने के लिए बड़ी संख्या में लोग नावों का सहारा ले रहे हैं। महादेवपुर और बरारी घाट के बीच इन दिनों यात्रियों की आवाजाही काफी बढ़ गई है।

इस घटना के बाद नावों की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी जांच को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नावों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।
















