


लापरवाही और खराब पुलिसिंग पर एसपी ने की कार्रवाई
मधेपुरा जिले में पुलिस कार्यशैली को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने तीन थानाध्यक्षों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण, जवाबदेह पुलिसिंग और आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
निलंबित किए गए अधिकारियों में भर्राही थाना के थानाध्यक्ष अरमोद कुमार सिंह, बिहारीगंज थाना के कृष्ण कुमार सिंह तथा पुरैनी थाना के चंद्रजीत प्रभाकर शामिल हैं। एसपी ने तीनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करते हुए निलंबन का आदेश जारी कर दिया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक को लगातार विभिन्न स्तरों से थानों की कार्यशैली को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद मामले की जांच के लिए मधेपुरा एसडीपीओ, उदाकिशुनगंज एसडीपीओ और मुख्यालय डीएसपी को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
जांच रिपोर्ट में अपराधियों की गिरफ्तारी में सुस्ती, प्राथमिकी दर्ज करने में आनाकानी तथा आम लोगों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही की पुष्टि हुई। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने सख्त कदम उठाते हुए तीनों थानाध्यक्षों को निलंबित कर दिया।
एसपी संदीप सिंह ने स्पष्ट कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आम लोगों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़ितों को बेहतर पुलिस व्यवस्था का अनुभव मिले।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिकायत मिलने पर आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
फिलहाल प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए तीनों थानों का प्रभार संबंधित अपर थानाध्यक्षों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद जिले के पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।















