


पूर्णिया। जिले के बनमनखी प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बरियाही में मध्याह्न भोजन में कीड़ा मिलने की सूचना से सोमवार को हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तत्काल जांच के आदेश दिए गए।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को मौके पर भेजा गया, जहां उन्होंने विद्यालय पहुंचकर भोजन आपूर्तिकर्ता संस्था के प्रतिनिधि, प्रधानाध्यापक, शिक्षकों, छात्रों एवं अभिभावकों के साथ बैठक कर पूरे मामले की जांच की। जांच के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता अक्सर संतोषजनक नहीं रहती है।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने अपनी जांच रिपोर्ट में भोजन की गुणवत्ता में सुधार की आवश्यकता बताई, साथ ही रसोइयों में सजगता के अभाव की भी बात कही। इसके आधार पर संबंधित स्वयंसेवी संस्था को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि भोजन की गुणवत्ता में तुरंत सुधार लाया जाए, रसोइयों को उचित प्रशिक्षण दिया जाए तथा सभी विभागीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

इधर, जिला पदाधिकारी के निर्देश पर बनमनखी स्थित किचेन में सतत निगरानी के लिए प्रतिदिन रोस्टर के आधार पर कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। अब भोजन उनकी देखरेख में तैयार किया जाएगा। साथ ही जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को भी किचेन का निरीक्षण कर विभागीय मानकों के अनुपालन की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















