
महापौर विभा कुमारी और नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडेय ने जताया शोक, कहा- उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा
पूर्णिया। नगर निगम के कर्मचारी मनोज उरांव के निधन पर सोमवार को नगर निगम सभागार में शोकसभा का आयोजन किया गया। महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित इस शोकसभा में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और निगम कर्मियों ने दिवंगत मनोज उरांव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने कहा कि नगर निगम कर्मी मनोज उरांव के निधन की खबर अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उनके असामयिक निधन से नगर निगम परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। वे एक कर्मठ, समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारी थे, जिन्होंने पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। नगर निगम के प्रति उनके योगदान और सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा। उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
महापौर ने कहा कि इस धरती पर कोई भी व्यक्ति हमेशा रहने के लिए नहीं आता, लेकिन अपने अच्छे कर्मों और व्यवहार के माध्यम से लोग दूसरों के दिलों में सदैव जीवित रहते हैं। मनोज उरांव भी अपने कार्यों, व्यवहार और योगदान के कारण हमेशा स्मरण किए जाएंगे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा नगर निगम परिवार उनके परिजनों के साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
वहीं, नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडेय ने कहा कि मनोज उरांव नगर निगम परिवार के एक महत्वपूर्ण सदस्य थे। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान पूरी निष्ठा, लगन और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया। उनके निधन से निगम परिवार ने एक समर्पित और जिम्मेदार कर्मचारी को खो दिया है। उनके साथ बिताए गए पल और नगर निगम के प्रति उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में नगर निगम परिवार उनके साथ खड़ा है।
शोकसभा में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत मनोज उरांव के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
इस मौके पर वार्ड पार्षद ममता सिंह, कृष्ण कुमार पासवान, पार्षद प्रतिनिधि ललनेश सिंह, प्रधान सहायक रूपेश कुमार, उमेश प्रसाद यादव सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।















