5
(2)

बीमारी को लेकर फैली भ्रांतियां दूर करने पर जोर, एमडीए की दवा लेने और मच्छरों से बचाव की दी गई सलाह; मरीजों के साथ भेदभाव नहीं करने की अपील

पूर्णिया। फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने और इसके उन्मूलन में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को पूर्णिया में सहयोग संस्था की ओर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य बिहार सरकार द्वारा 12 से 20 नवंबर तक चलाए गए विशेष फाइलेरिया जागरूकता कार्यक्रम के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को इस बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करना था।

इस अवसर पर सहयोग के अध्यक्ष डॉ. अजीत प्रसाद सिंह के नेतृत्व में समाजसेवियों, चिकित्सकों और स्वयंसेवकों ने लोगों को फाइलेरिया (हाथीपांव) के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में वरिष्ठ सदस्य एवं संयोजक डॉ. केके चौधरी, पूर्णिया पैथोलॉजी के डॉ. संजय कुमार, बनमनखी के डॉ. इमदाद आलम, हरदेव शर्मा, डॉ. राजेश गोस्वामी, पैथोलॉजिस्ट प्रीतम कुमार, सतीश कुमार ठाकुर, रूपेश गांधी, रंजीत कुमार, रमन वॉलंटियर, राजा कुमार सिंह और मनी गिरी गोस्वामी सहित अन्य लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि फाइलेरिया कोई श्राप या पाप नहीं, बल्कि मच्छर के काटने से फैलने वाली संक्रामक बीमारी है। यह बीमारी क्यूलेक्स मच्छर के माध्यम से फैलती है। संक्रमित व्यक्ति को छूने, उसके साथ बैठने, खाने या रहने से यह बीमारी नहीं फैलती। समय पर बचाव की दवा लेने और मच्छरों से सुरक्षा के उपाय अपनाने से संक्रमण को रोका जा सकता है।

एमडीए की दवा लेने की अपील

अभियान के दौरान सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। लोगों को सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली डीईसी और एल्बेंडाजोल की दवाओं के संबंध में जानकारी दी गई। अपील की गई कि जब आशा कार्यकर्ता दवा देने घर पहुंचें तो उनके सामने ही निर्धारित खुराक का सेवन करें। दवा को बीच में छोड़ने या फेंकने के बजाय स्वास्थ्यकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। हालांकि, दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को बिना चिकित्सकीय सलाह के ये दवाएं नहीं लेनी चाहिए।

मच्छरों से बचाव के उपाय बताए

फाइलेरिया से बचाव के लिए लोगों को रात में मच्छरदानी लगाकर सोने, घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा कूलर और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करने की सलाह दी गई। बताया गया कि मच्छरों के प्रजनन को रोकना इस बीमारी के प्रसार पर नियंत्रण पाने का महत्वपूर्ण उपाय है।

फाइलेरिया के मरीजों की देखभाल जरूरी

कार्यक्रम में फाइलेरिया से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि मरीजों को सामाजिक रूप से अलग-थलग करने के बजाय उनके उपचार और देखभाल में सहयोग करना चाहिए। प्रभावित अंग, विशेषकर पैरों की नियमित सफाई, त्वचा को सूखा रखना और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार हल्का व्यायाम करना जरूरी है। पैरों में सूजन होने पर आराम के समय उन्हें तकिये के सहारे ऊंचा रखने तथा संक्रमण और चोट से बचाने की सलाह दी गई। साथ ही बताया गया कि हाइड्रोसील का ऑपरेशन सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क उपलब्ध है।

क्या करें और क्या न करें, इसकी भी दी गई जानकारी

जागरूकता अभियान के दौरान फाइलेरिया से प्रभावित मरीजों को दैनिक देखभाल से जुड़ी जरूरी सावधानियां भी बताई गईं। लोगों को सलाह दी गई कि प्रभावित अंग को दिन में कम से कम एक-दो बार साफ पानी और साबुन से धोएं। विशेष रूप से पैर की उंगलियों के बीच और त्वचा की सिलवटों की सफाई करें। इसके बाद मुलायम और साफ कपड़े से हल्के हाथों से सुखाएं। नाखूनों को साफ और छोटा रखें तथा पैरों को चोट से बचाने के लिए सही नाप के जूते या चप्पल पहनें।

चिकित्सकीय सलाह के अनुसार हल्का व्यायाम करें और किसी भी तरह के घाव, खरोंच या त्वचा संक्रमण की स्थिति में समय पर उपचार कराएं। चिकित्सक द्वारा निर्धारित दवाओं का सेवन करें और सरकारी फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत दी जाने वाली दवाएं भी स्वास्थ्यकर्मियों के निर्देशानुसार लें।

वहीं, प्रभावित अंग की त्वचा को रगड़ने, खुरचने, कठोर वस्तुओं से साफ करने और नंगे पैर चलने से बचने की सलाह दी गई। अचानक प्रभावित अंग में लालिमा, गर्माहट, तेज दर्द या बुखार होने पर व्यायाम और मालिश नहीं करने तथा तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की बात कही गई। बिना डॉक्टर की सलाह के कोई दवा नहीं लेने और अत्यधिक नमक के सेवन से बचने की भी जानकारी दी गई।

फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सामूहिक संकल्प

कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने संकल्प लिया कि अब फाइलेरिया को लेकर किसी तरह की भ्रांति या सामाजिक भेदभाव को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। बीमारी से पीड़ित लोगों को छिपाने के बजाय उन्हें उपचार और देखभाल के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से गांवों और मोहल्लों में लोगों का डर दूर होगा तथा वे अपनी समस्याओं को खुलकर सामने रख सकेंगे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया— “मच्छर से बचेंगे, दवा खाएंगे, फाइलेरिया को भगाएंगे। सहयोग से ही स्वस्थ पूर्णिया बनेगा।”

आयोजकों ने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और युवाओं से अपील की कि वे इस अभियान को अपने-अपने गांवों और मोहल्लों तक पहुंचाएं तथा फाइलेरिया उन्मूलन के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता, नियमित दवा सेवन, साफ-सफाई और सामूहिक सहयोग से ही पूर्णिया को फाइलेरिया मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: