


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। ‘वन्दे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित किए जा रहे ‘नमामि भारतम्’ सामूहिक गायन कार्यक्रम के तहत पूरनमल बाजोरिया टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, नरगाकाठी, चंपानगर में 25 सितंबर को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बी.एड. प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षु विद्यार्थी तथा महाविद्यालय परिवार से जुड़े सदस्य सामूहिक रूप से ‘वन्दे मातरम्’ का गायन करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध तथा स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणादायी विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है। इस दौरान विद्यार्थियों को ‘वन्दे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व और भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका से भी अवगत कराया जाएगा।
प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने कहा कि शिक्षक-प्रशिक्षण संस्थानों की भूमिका केवल अकादमिक शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि भावी शिक्षकों में सामाजिक एवं राष्ट्रीय मूल्यों का विकास करना भी उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि ‘वन्दे मातरम्’ के 150वें वर्ष का अवसर नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम, त्याग, आत्मसम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. अजीत कुमार दुबे ने बताया कि कार्यक्रम में

महाविद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता रहेगी। सामूहिक गायन के साथ ‘वन्दे मातरम्’ की ऐतिहासिक यात्रा, स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका तथा इसके सांस्कृतिक महत्व पर भी प्रकाश डाला जाएगा।
महाविद्यालय की ओर से कहा गया कि ‘नमामि भारतम्’ के माध्यम से ‘एक स्वर – एक संकल्प – एक भारत’ की भावना को साकार करते हुए राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश विद्यार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

















