


पूर्णिया: भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, पूर्णिया के तत्वावधान में शुक्रवार को नारी सम्मान और महिला अधिकारों के समर्थन में भव्य पदयात्रा एवं प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष की कथित नकारात्मक राजनीति के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया।
महिला मोर्चा की सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शहर की सड़कों पर उतरकर नारीशक्ति के सम्मान में अपनी आवाज बुलंद की। यह पदयात्रा कला भवन से आर.एन. शाह चौक तक निकाली गई, जिसने पूरे शहर में एक सशक्त संदेश दिया कि महिलाओं के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जो दल वर्षों तक महिलाओं के अधिकारों की बात करते रहे, वही आज महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण कदम का विरोध कर रहे हैं। इसे उन्होंने “दोहरी राजनीति” करार दिया।
प्रेस वार्ता में कहा गया कि महिला आरक्षण केवल एक कानून नहीं, बल्कि महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी दिलाने का ऐतिहासिक अवसर है। इसे बाधित करना नारी सम्मान के खिलाफ बताया गया।
महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री सह जिला प्रभारी सीमा झा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस मौके पर तारा साह, इंदु सिंह, मीनाक्षी सिन्हा, नीतू सिंह, आरती जायसवाल, ललिता गुप्ता, सोनिका पाहुजा, आरती झा, पिंकी सिन्हा, रेणु देवी, रूबी सेठिया, विंध्यवासिनी देवी सहित कई महिला कार्यकर्ता मौजूद थीं।
वहीं भाजपा की ओर से राहुल सिंह, अभ्यम लाल, शुभम झा और बॉबी दास सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
महिला मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि महिलाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर राजनीति जारी रही, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
















