
एनएच-31 पर पकड़ा मोड़ से टोल प्लाजा और विक्रमशिला पुल पहुंच पथ पर लगी वाहनों की लंबी कतार, नवगछिया जीरोमाइल चौक पर चरमराई यातायात व्यवस्था
नवगछिया। नवगछिया में मंगलवार को भीषण जाम ने हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी। एनएच-31 पर पकड़ा मोड़ से टोल प्लाजा तक और विक्रमशिला पुल पहुंच पथ पर तेतरी जीरोमाइल से नवगछिया जीरोमाइल होते हुए कदवा स्थित बाबा बिशु राउत सेतु तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। दोपहर करीब दो बजे शुरू हुआ जाम देर शाम तक जारी रहा। इस दौरान यात्रियों को चार से पांच घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा।

जाम के कारण एनएच-31 सहित विभिन्न संपर्क मार्गों पर वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम गई। सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, खगड़िया, बेगूसराय, कटिहार, पूर्णिया, कुरसेला, अररिया, किशनगंज, भागलपुर और मुंगेर की ओर जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी हुई। बस, ट्रक, चारपहिया और छोटे वाहनों की लंबी कतारों के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। कई यात्रियों को कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में भी घंटों लग गए।
ओवरटेक की होड़ से बिगड़ी यातायात व्यवस्था
बताया जा रहा है कि वाहन चालकों के बीच एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ और लगातार ओवरटेक करने के कारण जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। खासकर नवगछिया जीरोमाइल चौक पर वाहनों का दबाव बढ़ने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। चारों दिशाओं से वाहनों के पहुंचने और आगे निकलने की कोशिश के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित होती रही।
जाम हटाने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
जाम की सूचना के बाद यातायात पुलिस के साथ विभिन्न थानों की पुलिस भी सड़क पर उतरी। पुलिसकर्मी घंटों तक वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकालने और यातायात सामान्य कराने में जुटे रहे। हालांकि, चारों ओर से वाहनों का अत्यधिक दबाव होने के कारण पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
जाम में फंसे यात्रियों ने बताया कि घंटों तक वाहन एक ही जगह खड़े रहे। यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी हुई। लंबे समय तक जाम में फंसे रहने के कारण बसों और निजी वाहनों में सवार लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मंगलवार को नवगछिया की सड़कों पर लगे इस भीषण जाम ने एक बार फिर प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात नियंत्रण की चुनौती को सामने ला दिया।














