0
(0)

नवगछिया। मंगलवार 24 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘सुशासन दिवस : नीतीश संवाद’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए नवगछिया में जनता दल यूनाइटेड की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की सहभागिता और संगठनात्मक समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के प्रभारी एवं बिहार राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रहलाद सरकार ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल से उनके आवास पर मुलाकात की और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इसके बाद नवगछिया के जीरो माइल स्थित फूड प्लाजा हॉल में संगठनात्मक बैठक हुई।

बैठक में जदयू जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुशवाहा, खाद्य आयोग के सदस्य महादेव मंडल, वरिष्ठ जदयू नेता अशोक कुमार आलोक सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में कार्यक्रम को प्रभावशाली बनाने, अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम प्रभारी प्रहलाद सरकार ने कहा कि ‘सुशासन दिवस : नीतीश संवाद’ बिहार में पिछले दो दशकों के दौरान हुए विकास, सुशासन, सामाजिक न्याय और जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी तालमेल एवं पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्यक्रम की सफलता के लिए जुटने की अपील की।

जदयू जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नवगछिया सहित पूरे जिले में कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। संगठन के सभी साथी एकजुट होकर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि भागलपुर में होने वाला यह आयोजन यादगार बनेगा।

खाद्य आयोग के सदस्य महादेव मंडल ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में गरीबों, वंचितों, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से इन कार्यों और उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

वहीं, वरिष्ठ जदयू नेता अशोक कुमार आलोक ने कहा कि संगठन की ताकत समर्पित कार्यकर्ताओं से होती है। सभी कार्यकर्ता एकजुटता और निष्ठा के साथ कार्यक्रम की सफलता में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने नीतीश कुमार के सुशासन और विकास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।

बैठक के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करते हुए तैयारियों को गति देने पर जोर दिया गया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: