0
(0)

नवगछिया। विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बंद होने के बाद गंगा पार करने के लिए संचालित स्टीमर इन दिनों यात्रियों के लिए आवागमन का प्रमुख माध्यम बना हुआ है। लेकिन रविवार को बियाडा घाट से रवाना हुए एक स्टीमर पर कुछ ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने यात्री सुरक्षा और प्रशासनिक निर्देशों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्टीमर पर सवार युवतियों के एक समूह ने भोजपुरी गाने की धुन पर जमकर नृत्य किया। खुले स्टीमर पर काफी देर तक गाना-बजाना और नृत्य चलता रहा।

इस दौरान स्टीमर पर मौजूद पुलिसकर्मी, संचालन से जुड़े कर्मचारी और अन्य यात्री पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। वहीं, कुछ यात्रियों ने इस नजारे को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। अब इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है और स्टीमर पर हुई इस गतिविधि को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

प्रशासनिक प्रतिबंध के बावजूद कैसे बना वीडियो?

इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल जिला प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों को लेकर उठ रहा है। बताया जाता है कि प्रशासन ने स्टीमर पर फोटो और वीडियो बनाने पर प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बावजूद स्टीमर पर खुलेआम वीडियो बनाया गया और अब वह इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है। ऐसे में प्रशासनिक आदेशों के पालन और उनकी निगरानी की व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

स्टीमर पर तैनात कर्मियों की जिम्मेदारी पर सवाल

गंगा पार करने के लिए बड़ी संख्या में यात्री स्टीमर का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखना भी संचालन व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सवाल उठता है कि स्टीमर पर तैनात पुलिसकर्मियों और संबंधित कर्मचारियों ने इस गतिविधि को रोकने के लिए कोई पहल क्यों नहीं की? क्या उनकी जिम्मेदारी केवल यात्रियों को एक घाट से दूसरे घाट तक पहुंचाने तक सीमित है या स्टीमर पर नियमों का पालन सुनिश्चित कराना भी उनके दायित्व में शामिल है?

वीडियो प्रसारित होने के बाद अब संबंधित अधिकारियों की प्रतिक्रिया और कार्रवाई का इंतजार है। देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को संज्ञान में लेकर जांच कराता है और नियमों के उल्लंघन पर कोई कदम उठाता है या नहीं। फिलहाल इस घटनाक्रम ने स्टीमर संचालन की व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: