


पूर्णिया। दिल्ली में बिहारी युवक पांडव की हत्या के विरोध में जन सुराज पार्टी द्वारा रविवार को जंतर-मंतर पर पीड़ित परिवार के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किया गया। दोपहर एक बजे शुरू हुए इस विरोध-प्रदर्शन में दिल्ली में रह रहे बिहार के विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जन सुराज पार्टी के प्रवक्ता विवेक कुमार ने कहा कि दिल्ली में बड़ी संख्या में बिहारी आबादी रहने के बावजूद उन्हें अपमान, शोषण और हिंसा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पांडव हत्याकांड ने राजधानी में बिहारियों की स्थिति को उजागर कर दिया है और पार्टी न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी।
सभा को संबोधित करते हुए अनूप मैथिल तथा आदित्य मोहन ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग उठाते हुए तीन प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच दिल्ली पुलिस के बजाय स्वतंत्र एसआईटी से कराई जाए, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का सरकारी मुआवजा दिया जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि घटना के बाद संबंधित नेतृत्व द्वारा अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखाई गई। इस दौरान जन सुराज के प्रवक्ता अक्षत सोनक ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में बिहारियों के साथ भेदभाव और हिंसा की घटनाएं चिंता का विषय हैं, जबकि बिहारी समाज राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
प्रदर्शन में विवेक कुमार, अनूप मैथिल, आदित्य मोहन, शांतनु, धीरू मिश्रा, चंद्रजीत, अक्षत, धनराज, रिचा, प्रभात, रितेश एवं हरेंद्र सहित कई कार्यकर्ता और सामाजिक प्रतिनिधि शामिल रहे। कार्यक्रम के बाद जन सुराज पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मिलकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।














