


पूर्णिया। सीमांचल क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर पूर्णिया के विधायक विजय खेमका ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।

मुलाकात के दौरान विधायक ने डिब्रूगढ़ से दिल्ली के बीच चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनों (12424/12423 एवं 20505/20506) में से एक का रूट परिवर्तन कर उसे पूर्णिया एवं सहरसा होते हुए दिल्ली तक संचालित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे सीमांचल एवं कोसी क्षेत्र के लाखों रेल यात्रियों को सीधी और बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
विधायक ने पूर्णिया जंक्शन एवं पूर्णिया कोर्ट रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत शामिल कर आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि पूर्णिया एक आकांक्षी एवं ऐतिहासिक जिला होने के बावजूद यहां रेल कनेक्टिविटी अपेक्षाकृत कम है, जिसे मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।

इसके अतिरिक्त जोगबनी से पूर्णिया होते हुए पटना तक संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस के समय में बदलाव की मांग भी की गई, ताकि यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध हो सके।
विधायक ने बताया कि पूर्णिया जंक्शन एवं पूर्णिया कोर्ट स्टेशन पर वाशिंग पिट निर्माण को लेकर कटिहार एवं समस्तीपुर रेल मंडल द्वारा कई बार सर्वे किया जा चुका है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। उन्होंने दोनों में से किसी एक स्थान पर शीघ्र वाशिंग पिट निर्माण कराने का आग्रह किया, जिससे लंबी दूरी की नई ट्रेनों के साथ कटिहार–जोगबनी सहित अन्य रूटों की ट्रेनों का संचालन पूर्णिया–सहरसा मार्ग से संभव हो सके।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विधायक की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि पूर्णिया सहित सीमांचल क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्णिया एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक क्षेत्र है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पूर्वोत्तर एवं सीमांचल क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में पूर्णिया में रेलवे क्षेत्र में व्यापक विस्तार देखने को मिलेगा।














