
जर्जर सड़कों की होगी मरम्मत, पूजा पंडालों के आसपास दिन-रात सफाई; दीपावली पर बेहतर होगी रोशनी की व्यवस्था
पूर्णिया। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए पूर्णिया नगर निगम ने शहर में नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने की तैयारी तेज कर दी है। पर्व-त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए जर्जर सड़कों की मरम्मत, विशेष सफाई अभियान और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने का निर्णय लिया गया है। पूजा पंडालों तक जाने वाली सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर आवागमन योग्य बनाया जाएगा। साथ ही सभी पूजा पंडालों के आसपास सफाई और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाएगा।

शुक्रवार को महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में नगर निगम स्थित महापौर कार्यालय कक्ष में सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान शहर की साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था और लंबित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
महापौर विभा कुमारी ने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान शहरवासियों और श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। कनीय अभियंताओं की ओर से मरम्मत योग्य सड़कों की सूची उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चिह्नित सड़कों को जल्द आवागमन योग्य बनाया जाए तथा पूजा पंडालों के आसपास सफाई और कचरा उठाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पूजा पंडालों के आसपास दिन-रात होगी सफाई

बैठक में सभी पूजा पंडालों के आसपास दो पालियों में सफाई कराने का निर्णय लिया गया। इसके तहत दिन और रात विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। साथ ही ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया जाएगा। महापौर ने स्पष्ट किया कि सड़क, सफाई और रोशनी से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
दीपावली पर रोशनी की व्यवस्था होगी बेहतर
दीपावली के अवसर पर शहर में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए समिति ने आपात स्थिति में अल्पकालीन निविदा के माध्यम से लाइटों की खरीदारी करने का निर्णय लिया। नगर निगम क्षेत्र के जरूरतमंद स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए भी आवश्यक पहल की जाएगी।
कचरा निस्तारण को लेकर दिए निर्देश
शहर में जगह-जगह कचरा जमा किए जाने की शिकायतों पर महापौर ने संबंधित गैर-सरकारी संगठनों को निर्धारित कचरा निस्तारण स्थल पर ही कचरा रखने का निर्देश दिया। कचरा ढोने वाले ट्रैक्टरों को अच्छी तरह ढककर ले जाने को कहा गया, ताकि रास्ते में कचरा न गिरे और शहर में गंदगी नहीं फैले।
लंबित विकास कार्यों की भी हुई समीक्षा
बैठक में नगर निगम बोर्ड और सशक्त स्थायी समिति की पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई। साथ ही विकास योजनाओं और लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को पर्व-त्योहारों से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी करने तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपमहापौर पल्लवी गुप्ता, उपनगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह, पदेन सदस्य ममता सिंह, आशा महतो, कमली देवी, कुमारी खुशबू, मुर्शिदा खातून, स्वपन घोष, प्रदीप जायसवाल और नगर प्रबंधक पवन कुमार पवन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।















