


पूर्णिया। पूर्णिया विश्वविद्यालय में सत्र 2025-29 के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा को लेकर छात्रों के बीच लगातार असंतोष देखा जा रहा है। परीक्षा प्रक्रिया के दौरान कई बार एडमिट कार्ड जारी होने से बड़ी संख्या में छात्र दिग्भ्रमित हो गए, जिसके कारण सैकड़ों छात्र परीक्षा से वंचित रह गए। अब इस मामले को लेकर सोशलिस्ट स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (छात्र राजद के परिवर्तित नाम) ने विश्वविद्यालय प्रशासन से विशेष परीक्षा आयोजित करने की मांग की है।

संगठन के विश्वविद्यालय अध्यक्ष पीयूष पुजारा एवं प्रधान महासचिव चाहत यादव ने पूर्णिया विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण पदाधिकारी को आवेदन देकर मांग की है कि जिन छात्रों की परीक्षा छूट गई है, उनके लिए स्पेशल परीक्षा की तिथि घोषित की जाए।
विश्वविद्यालय अध्यक्ष पीयूष पुजारा ने कहा कि पूर्णिया विश्वविद्यालय द्वारा प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा प्रक्रिया के दौरान पांच से अधिक बार एडमिट कार्ड जारी किए गए, जिससे छात्र भ्रमित हो गए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग विषयों के लिए बार-बार एडमिट कार्ड बदलने के कारण कई छात्र परीक्षा में शामिल नहीं हो सके।

उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि जिन छात्रों की परीक्षा छूट गई है, उनका पुनः बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के परीक्षा लिया जाए, ताकि सीमांचल के छात्रों का भविष्य प्रभावित होने से बच सके। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आगे आंदोलन किया जाएगा।
















