0
(0)



पूर्णिया। शहर के जयप्रकाश नगर से पारिवारिक विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने ही सगे भाइयों पर मारपीट, धमकी एवं जालसाजी कर पैतृक संपत्ति से बेदखल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।



जानकारी के अनुसार 48 वर्षीय मीनम संजीव कुमार ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2021 से वह अपने मायके पूर्णिया में रह रही थीं। उनकी मां लंबे समय तक बीमार थीं, जिनकी सेवा उन्होंने की तथा श्राद्ध कर्म का पूरा खर्च भी स्वयं उठाया। इसके बावजूद उनके भाइयों का व्यवहार उनके प्रति ठीक नहीं रहा।

पीड़िता का आरोप है कि रक्षाबंधन 2024 के दौरान जब वह मायके पहुंचीं तो उनके भाइयों बिधु रंजन एवं मनीष कुमार दास ने गाली-गलौज करते हुए घर से निकल जाने को कहा। आरोप है कि घर का बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया था। बाद में डायल 112 पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बिजली दोबारा जोड़ी गई।



महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस के जाने के बाद उनके लैपटॉप, दवाइयां एवं कपड़े छीन लिए गए और उन्हें घर से बाहर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि 4 मई 2026 को उन्हें थाना परिसर स्थित हाट में रात बितानी पड़ी थी।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पैतृक संपत्ति में हिस्सा मांगने पर उनके फर्जी हस्ताक्षर कर संपत्ति हड़पने की कोशिश की गई। साथ ही वर्ष 2023 में उनकी निजी जमीन बेच दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है, जिसका मामला फिलहाल परिवार न्यायालय में लंबित बताया जा रहा है।


महिला के अनुसार पैतृक मकान में छह कमरे, पांच बाथरूम एवं दो किचन मौजूद हैं, इसके बावजूद उन्हें रहने के लिए दो कमरे तक नहीं दिए जा रहे। उन्होंने घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत सुरक्षा एवं निवास के अधिकार की मांग करते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को आवेदन सौंपा है।

फिलहाल मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच की प्रक्रिया जारी है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: