


पूर्णिया । अपर समाहर्त्ता-सह-बंदोबस्त पदाधिकारी रवि राकेश की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला पूर्णिया के 14 अंचलों में चल रहे विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न अंचलों में चल रहे सर्वेक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान विशेष सर्वेक्षण के प्रथम चरण के अंतर्गत अंचल बनमनखी में कार्यों की अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई गई। अंचल बनमनखी के शिविर प्रभारी को राजस्व ग्राम कचहरी बलुआ का खानापुरी कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में प्रपत्र-14 में प्राप्त आपत्तियों की सुनवाई पूर्ण कर राजस्व ग्रामों के अभिलेखों की जांच करने हेतु राजस्व अधिकारी-सह-कानूनगो एवं सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी (मुख्यालय) को निर्देशित किया गया। निरीक्षण के क्रम में शिविर प्रभारी मो. शाहीद अफरीदी को प्रपत्र-14 में प्राप्त आपत्तियों पर न्यायोचित एवं गुणवत्तापूर्ण आदेश पारित करने का निर्देश दिया गया।

वहीं विशेष सर्वेक्षण लिपिक नकुल कुमार भगत की कार्य के प्रति लापरवाही को देखते हुए उन्हें शिविर बनमनखी से हटाकर अभिलेखों की जांच के लिए मुख्यालय में प्रतिनियुक्त किया गया।
द्वितीय चरण के अंतर्गत शेष 13 अंचलों में चल रहे सर्वेक्षण कार्यों में सभी राजस्व ग्रामों में प्रपत्र-5 की प्रविष्टि एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने का निर्देश सभी शिविर प्रभारियों को दिया गया। साथ ही आकस्मिक अवकाश पंजी एवं उपस्थिति पंजी का नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण करने को कहा गया।
बैठक में हवाई सर्वेक्षण एजेंसी IIC Technology Hyderabad को निर्देश दिया गया कि जिले में उपलब्ध 6 ईटीएस मशीनों के स्थान पर जल्द 8 ईटीएस मशीन उपलब्ध कराई जाए, ताकि विशेष सर्वेक्षण कार्यों को त्वरित गति से समय पर पूरा किया जा सके। साथ ही सभी राजस्व ग्रामों में त्रि-सीमाना निर्धारण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी (मुख्यालय), राजस्व अधिकारी-सह-कानूनगो, सभी 14 अंचलों के शिविर प्रभारी, विशेष सर्वेक्षण लिपिक, प्रधान सहायक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
















