


भागलपुर : भागलपुर जिले के ईसीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिरपैंती के रिफातपुर गांव में प्रेम-प्रसंग का एक मामला उस समय हिंसक रूप ले बैठा, जब प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

मिली जानकारी के अनुसार, मोहम्मद मेहरबान का गांव की ही एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि दोनों लंबे समय से चोरी-छिपे एक-दूसरे से मिला करते थे। बुधवार को भी युवती घर से शौच जाने की बात कहकर खेत की ओर गई थी, जहां उसका प्रेमी पहले से मौजूद था। दोनों आपस में बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान युवती की बहन की नजर दोनों पर पड़ गई। बहन ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और गुस्से में उसकी जमकर पिटाई कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही ईसीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को किसी तरह नियंत्रित किया। पुलिस ने युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद युवक और युवती दोनों को पूछताछ के लिए थाना ले जाया गया।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं घटना के बाद गांव में प्रेम-प्रसंग को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।













