
सशक्त स्थायी समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, सड़क, जलनिकासी और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर
पूर्णिया। नगर निगम सभागार में मंगलवार को महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम बोर्ड एवं सशक्त स्थायी समिति की पूर्ववर्ती बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई। इसके साथ ही शहर के समग्र विकास, सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में विकास योजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र धरातल पर उतारने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए महापौर विभा कुमारी ने कहा कि शहर के विकास से जुड़ी स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने के साथ-साथ उनके कार्यों की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड और सशक्त स्थायी समिति की बैठकों में जनहित को ध्यान में रखकर लिए गए निर्णयों का वास्तविक लाभ शहरवासियों तक पहुंचना चाहिए। आम जनता से जुड़े विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
महापौर ने शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा सौंदर्यीकरण के कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सड़क, जलनिकासी, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य पूर्णिया को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर बनाना है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय स्थापित कर जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।
लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने पर सहमति
बैठक के दौरान पूर्व की बैठकों में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गई। जिन कार्यों का निष्पादन अब तक लंबित है, उन्हें शीघ्र पूरा कराने पर सहमति बनी। साथ ही विकास योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
महापौर ने स्पष्ट किया कि शहर के विकास से संबंधित योजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य पूरा करना नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
बैठक में ये सदस्य रहे उपस्थित
बैठक में सशक्त स्थायी समिति की पदेन सदस्य ममता सिंह, आशा महतो, कमली देवी, कुमारी खुशबू, मुर्शिदा खातून, स्वपन घोष, प्रदीप जायसवाल एवं सिटी मैनेजर राजेश कुमार झा उपस्थित रहे।















