


जलजमाव, अधूरी ड्रेनेज योजना और छोटी विकास योजनाओं को लेकर उठाई आवाज
पूर्णिया : पूर्णिया नगर निगम की महापौर विभा कुमारी ने पटना में बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा से शिष्टाचार मुलाकात कर शहर की विभिन्न जनसमस्याओं और लंबित विकास योजनाओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान महापौर ने मंत्री को बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

मुलाकात के दौरान महापौर ने पूर्णिया शहर में जलजमाव, अधूरी ड्रेनेज योजनाओं तथा छोटी विकास योजनाओं के ठप पड़ने से आम लोगों को हो रही परेशानियों की ओर मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी और शहरीकरण के बीच आधारभूत सुविधाओं का विस्तार समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है।
महापौर विभा कुमारी ने मंत्री को एक पत्र सौंपते हुए विशेष रूप से 15 लाख रुपये से कम लागत वाली योजनाओं को विभागीय स्तर से पुनः संचालित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि विभागीय व्यवस्था बंद होने के कारण छोटी नालियों की मरम्मत, गलियों में पैचवर्क और सार्वजनिक स्थलों से जुड़े छोटे लेकिन जरूरी विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लंबी निविदा प्रक्रिया की वजह से इन कार्यों में देरी हो रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि समय पर छोटे-छोटे विकास कार्य नहीं होने से आम लोगों में नगर निगम के प्रति नाराजगी बढ़ रही है और जनप्रतिनिधियों की छवि भी प्रभावित हो रही है।
महापौर ने शहर में निर्माणाधीन स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम की धीमी प्रगति पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि शहर में कुल 38 नालों के निर्माण की योजना बनाई गई थी, लेकिन प्रथम चरण में केवल 5 नालों को स्वीकृति मिली। इनमें भी अब तक मात्र 3 नालों पर ही काम शुरू हो सका है।
उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण एजेंसी बुडको की लापरवाही के कारण कई जगह खुदाई के बाद गड्ढे खुले पड़े हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और लोगों को भारी परेशानी हो रही है।

महापौर ने फेज-2 के तहत शेष 33 नालों की प्रशासनिक स्वीकृति और शीघ्र बजट आवंटन की मांग करते हुए कहा कि केवल कुछ नालों के निर्माण से पूरे शहर की जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो सकती। जब तक सभी प्रस्तावित नालों का निर्माण नहीं होगा, तब तक पूर्णिया को जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत नहीं मिल पाएगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार के सहयोग और सकारात्मक पहल से पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
















