


बारिश के दौरान अलग-अलग हादसों में जनप्रतिनिधि और युवती ने गंवाई जान, इलाके में शोक
पूर्णिया : जिले में बुधवार को मौसम बदलने के दौरान हुई तेज बारिश और गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। अलग-अलग स्थानों पर हुई इन घटनाओं के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों में एक वार्ड पंच सदस्य और एक युवती शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, पहली घटना जिले के सरववैली गांव में हुई, जहां वार्ड पंच सदस्य मो. इकराम (50 वर्ष) की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बारिश शुरू होने के दौरान मो. इकराम घर के बाहर बंधे मवेशी को लाने गए थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में उनकी गाय की भी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में मो. इकराम को इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण कुछ ही देर बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि मो. इकराम एक सक्रिय एवं जिम्मेदार जनप्रतिनिधि थे। क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में हमेशा आगे रहने वाले मो. इकराम की अचानक मौत से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
वहीं दूसरी घटना इंदिरा नगर डहरिया में हुई, जहां 20 वर्षीय सिमरन कुमारी की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार सिमरन घर के बाहर चापाकल पर पानी भर रही थी। इसी दौरान अचानक बिजली गिर गई और वह उसकी चपेट में आ गई। बिजली गिरते ही सिमरन गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ी।

परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
सिमरन के चाचा राकेश ऋषि ने बताया कि घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
लगातार हो रही बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और खेतों में जाने से बचने की अपील की है।
















