


पूर्णिया : जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है तथा गैस सिलेंडर की किसी प्रकार की कमी नहीं है।
अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी रविशंकर उरांव ने बताया कि सोमवार को पूर्णिया जिले में संचालित विभिन्न एलपीजी गैस एजेंसियों द्वारा कुल 8146 गैस सिलेंडरों का वितरण संबंधित उपभोक्ताओं के बीच किया गया। वहीं एजेंसियों के गोदामों में अभी भी 18171 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में कुल 8608 गैस उपभोक्ताओं द्वारा सिलेंडर की मांग दर्ज की गई थी, जिसके विरुद्ध नियमानुसार अधिकांश उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिया गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति का चक्र लगभग 45 दिनों तथा शहरी क्षेत्रों में करीब 25 दिनों का निर्धारित है। गैस एजेंसियों द्वारा पूर्व की तरह नियमित रूप से होम डिलीवरी सेवा संचालित की जा रही है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अनावश्यक रूप से गैस बुकिंग या काउंटर एवं गोदामों पर भीड़ न लगाएं। नियमानुसार बुकिंग कराने पर समय पर गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है।

गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए उपभोक्ता जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06454-242319, 242317 एवं 242320 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूर्णिया जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पर्याप्त है और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी होने की संभावना नहीं है।
















