


मखाना खेत में पैर फिसलने से हादसा, परिवार में मचा कोहराम
पूर्णिया के सरसी थाना क्षेत्र अंतर्गत बोहराघाट वार्ड-5 में मखाना के खेत में जमे पानी में डूबने से एक किसान की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान बोहराघाट लौउटा टोला निवासी रामलाल टुड्डू (52) के रूप में हुई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिवार वालों ने बताया कि रामलाल टुड्डू रोज की तरह घर से मखाना के खेत की ओर गए थे। खेत में काफी मात्रा में पानी जमा था। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए।
आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण उन्हें तुरंत बचाया नहीं जा सका। काफी देर तक जब वह घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान ग्रामीणों की नजर खेत में पानी के बीच पड़े शव पर पड़ी।

शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही सरसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि रामलाल टुड्डू खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सरसी थाना पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।














