


‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत पुलिस की कड़ी कार्रवाई, पूरे इलाके को किया गया सील
पूर्णिया। शहर के गुलाबबाग जीरो माइल स्थित रेड लाइट एरिया में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान 16 महिलाओं, 9 नाबालिग किशोरियों और 7 पुरुषों को हिरासत में लिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, यह छापेमारी बिहार पुलिस और नया सवेरा एनजीओ के संयुक्त अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत की गई, जो 1 से 30 अप्रैल तक चलाया जा रहा है। कार्रवाई का नेतृत्व सदर एसडीओ श्वेतम दीक्षित और एसडीपीओ ज्योति शंकर ने किया।
पुलिस ने पहले पूरे रेड लाइट एरिया को चारों ओर से घेरकर सील कर दिया, ताकि कोई भी संदिग्ध भाग न सके। इसके बाद घर-घर तलाशी अभियान चलाया गया। टीम में प्रशिक्षु डीएसपी, फणीश्वर नाथ रेणु टीओपी प्रभारी राजनंदनी, स्थानीय थाना पुलिस और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
छापेमारी के दौरान कई लोग भागने की कोशिश करते दिखे, लेकिन पहले से तैयार पुलिस बल ने सभी रास्ते बंद कर रखे थे। सभी 32 लोगों को हिरासत में लेकर सदर थाना लाया गया है, जहां महिला पुलिस की मौजूदगी में अलग-अलग पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अब इस नेटवर्क के पीछे सक्रिय लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह अवैध धंधा कब से और किन-किन लोगों की संलिप्तता से चल रहा था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र से अवैध गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त करना है।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
















