5
(1)

नवगछिया। कदवा थाना क्षेत्र के पकरा बासा बालू घाट के समीप खैरपुर कदवा पंचायत के पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह पर गोलीबारी कर जानलेवा हमला करने के मामले में नवगछिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक कट्टा, एक कारतूस, दो खोखा और दो मोबाइल बरामद किए हैं। नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मामले के उद्भेदन और गिरफ्तारी की जानकारी दी।

एसपी ने बताया कि 14 नवंबर की शाम करीब पांच बजे पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह पर अपराधियों ने जानलेवा हमला किया था। गोलीबारी की इस घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक नवगछिया और कदवा थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। घटना में शामिल आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल का गठन किया गया।

विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर पचगछिया टोला निवासी मोहन कुमार और सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान मोहन कुमार ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हमले में प्रयुक्त हथियार और अन्य सामान बरामद किए।

चाचा और चचेरे भाई की हत्या का बदला लेने के लिए रची थी साजिश

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मोहन कुमार ने बताया कि वर्ष 2021 में उसके चाचा खोखा सिंह और अक्टूबर 2026 में उसके चचेरे भाई ज्योतिष कुमार की हत्या हुई थी। इन दोनों हत्याओं में पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह और नागो सिंह की संलिप्तता होने की आशंका के आधार पर उसने अपने चाचा और चचेरे भाई के साथ मिलकर अजय सिंह की हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस इस मामले में साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में अनुसंधान जारी है।

पत्नी के आवेदन पर दर्ज हुआ मामला

इस संबंध में घायल पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह की पत्नी के आवेदन पर कदवा थाना में कांड संख्या 132/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहन कुमार, पिता स्वर्गीय सीतो सिंह तथा सौरभ कुमार, पिता स्वर्गीय खोखा सिंह, दोनों निवासी पचगछिया टोला, थाना कदवा, जिला भागलपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: