


नवगछिया। खरीक प्रखंड के राघोपुर में कटाव और तटबंध टूटने के बाद अब स्थायी नदी सुरक्षा उपायों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। विकासशील इंसान पार्टी की पूर्व बिहपुर विधानसभा प्रत्याशी अर्पणा कुमारी ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और स्थायी कटावरोधी कार्य कराने की मांग की।

अर्पणा कुमारी ने दावा किया कि 6 फरवरी 2023 की विभागीय निरीक्षण रिपोर्ट में विक्रमशिला सेतु के आसपास गंगा के बढ़ते कटाव को देखते हुए गाइड बांध और नदी प्रशिक्षण कार्य की आवश्यकता दर्ज की गई थी। उनके अनुसार, वर्ष 2025 में राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल और रेलवे के बीच इस संबंध में पत्राचार हुआ, जबकि जनवरी 2026 में भी गाइड बांध निर्माण को लेकर स्वीकृति संबंधी रिपोर्ट मांगी गई थी।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब नदी सुरक्षा की आवश्यकता पहले ही सामने आ चुकी थी, तो स्थायी कटावरोधी कार्य समय पर क्यों नहीं हो सके। अर्पणा कुमारी ने सरकार और संबंधित विभागों से राघोपुर समेत प्रभावित इलाकों के लिए दीर्घकालिक नदी सुरक्षा योजना तैयार करने की मांग की। राघोपुर में कटावरोधी और बचाव कार्य जारी रहने की भी रिपोर्ट सामने आई है।















