


नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र में मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी गौरव यादव के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को पीड़ित ने नवगछिया थाना में आवेदन देकर बताया था कि वह रॉड काटने का काम कर रहा था। इसी दौरान गौरव यादव वहां पहुंचा और अपने हाथ का कड़ा काटने को कहा। पीड़ित ने कड़ा काटने से हाथ कटने की आशंका जताते हुए ऐसा करने से मना कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज गौरव यादव ने उसके साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। अनुसंधान के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर गौरव यादव को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।















