


भागलपुर। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में प्रशासनिक लापरवाही के विरोध में एक छात्र ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। रजिस्ट्रेशन नंबर जारी नहीं होने से आक्रोशित छात्र विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गया है।

मिली जानकारी के अनुसार सत्र 2022–25 के छात्र सोनू कुमार ने आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा अब तक उसका रजिस्ट्रेशन नंबर जारी नहीं किया गया है। इसके कारण वह आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेज प्राप्त नहीं कर पा रहा है, जिससे उसकी पढ़ाई एवं नामांकन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
छात्र का कहना है कि उसने अपनी समस्या को लेकर 21 अप्रैल एवं 28 अप्रैल 2026 को परीक्षा नियंत्रक को लिखित आवेदन देकर अवगत कराया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन की उदासीनता से परेशान होकर छात्र ने 6 मई 2026 को सुबह 11 बजे से विश्वविद्यालय परिसर स्थित प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर आमरण अनशन शुरू कर दिया।

अनशन पर बैठे छात्र ने चेतावनी दी है कि जब तक उसका रजिस्ट्रेशन नंबर जारी कर संबंधित कॉलेज को नहीं भेजा जाता, तब तक वह अपना अनशन जारी रखेगा।
फिलहाल इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। छात्र के अनशन को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है।














